Ramgarh: जिला अंतर्गत गिद्दी थाना क्षेत्र में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि वारदात को किसी बाहरी लुटेरे ने नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पत्नी, उसके प्रेमी और एक नाबालिग सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
Read more: पत्नी के हाथ बांधे, मुंह पर टेप चिपकाया; गिद्दी में CCLकर्मी की हत्या
लूट की झूठी कहानी और एसआईटी का गठन
घटना 18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे प्रकाश में आई थी, जब गिद्दी ए मेन गेट निवासी सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल के घर में उनका रक्तरंजित शव बरामद हुआ था। शुरुआती सूचना में यह दावा किया गया था कि अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर पत्नी के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए और धारदार हथियार से मंगलेश की हत्या कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जांच में खुली पोल
एसआईटी ने एफएसएल (FSL), फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल की बनावट के आधार पर पुलिस का संदेह मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी पर गहरा गया। पुलिस हिरासत में लेकर जब सोनाली से मनोवैज्ञानिक और कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने सारा सच कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए यह पूरी खौफनाक साजिश रची थी और पुलिस को भटकाने के लिए लूट व बंधक बनाए जाने का नाटक किया था।
हत्या में प्रयुक्त हथियार और अहम साक्ष्य बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार, खून से सने कपड़े, टेप और लूटे गए मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। मृतक की बहन के बयान पर गिद्दी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि विधि विरुद्ध बालक को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।




