Ramgarh: रामगढ़ जिला अंतर्गत गिद्दी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आम्रपाली परियोजना में कार्यरत सीसीएल (CCL) कर्मी मंगलेश पाल के क्वार्टर में घुसकर दो अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने धारदार हथियार से उनकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के दौरान अपराधियों ने मंगलेश की पत्नी सोनाली को बंधक बना लिया और घटना को अंजाम देने के बाद जेवरात व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। कॉलोनी परिसर में हुए इस जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
पत्नी के हाथ बांधे, मुंह पर टेप चिपकाकर की हत्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीसीएल की आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर पदस्थापित मंगलेश पाल शनिवार रात अपने क्वार्टर में पत्नी सोनाली के साथ मौजूद थे। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश जबरन घर में घुस आए। अपराधियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए सोनाली के हाथ बांध दिए और उनके मुंह पर टेप चिपका दिया, जिससे वे किसी प्रकार की मदद के लिए चीख-पुकार न कर सकें। इसके बाद बदमाशों ने धारदार हथियार से मंगलेश पाल पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी जान ले ली और घर में रखे जेवरात व दो मोबाइल फोन समेटकर चंपत हो गए।
दो दिन पहले लौटी थीं पत्नी, रेकी की आशंका
मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि मृतक की पत्नी सोनाली घटना से महज दो दिन पूर्व ही बिहार के गया स्थित अपने मायके से वापस लौटी थीं। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या अपराधियों को घर की गतिविधियों की पहले से सटीक जानकारी थी। बताया गया कि मंगलेश पाल भी कुछ दिन पूर्व वॉलीबॉल खेलने के दौरान पैर में हुए फ्रैक्चर के कारण घर पर ही आराम कर रहे थे।
लूटपाट या पुरानी रंजिश, जांच में जुटी गिद्दी पुलिस
अपराधी यद्यपि कीमती सामान और फोन लेकर भागे हैं, जिससे मामला प्रथम दृष्टया डकैती या लूट का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस इसे केवल लूटपाट मानकर नहीं चल रही है। जांच अधिकारी इसे किसी पुरानी रंजिश या सुनियोजित षड्यंत्र के कोण से भी देख रहे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।




