फॉण्ट कनवर्टर NEW

महाअष्टमी पर भक्तिमय हुआ भागलपुर, जय माता दी के जयकारों से गूंजे दुर्गा मंदिर

शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को भागलपुर शहर और आसपास के इलाकों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन और डलिया चढ़ाने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर महिलाओं में पूजा को लेकर काफी

अपनी भाषा में पढ़ें

भागलपुर : शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को भागलपुर शहर और आसपास के इलाकों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन और डलिया चढ़ाने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर महिलाओं में पूजा को लेकर काफी उत्साह देखा गया। मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। शंख की ध्वनि, ढाक की थाप और जय माता दी के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

प्रमुख दुर्गा मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतारें

भागलपुर के मारवाड़ी पाठशाला दुर्गा स्थान, आदमपुर दुर्गा स्थान, मंदरोजा दुर्गा स्थान और खंजरपुर दुर्गा स्थान में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी। महिलाएं मां दुर्गा को खोइंचा और पूजा सामग्री अर्पित करने के लिए कतारों में खड़ी नजर आईं। मंदरोजा दुर्गा स्थान में भीड़ को देखते हुए विशेष बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।

बंगाली परंपरा के अनुसार हुई मां दुर्गा की पूजा

भूतनाथ लेन दुर्गाबाड़ी और बड़ी खंजरपुर में बंगाली परंपरा के अनुसार मां दुर्गा की पूजा की गई। यहां बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु मां को पुष्पांजलि देने पहुंचे। वहीं, मिरजानहाट और परबत्ती दुर्गा स्थान में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

श्रद्धालुओं के लिए किए गए विशेष इंतजाम

भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों ने मंदिरों में विशेष व्यवस्था की थी। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। समितियों के स्वयंसेवक लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को निर्देश देते रहे। इसके अलावा बुजुर्गों और बच्चों के लिए पीने के पानी और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

महाअष्टमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए भागलपुर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। प्रमुख दुर्गा मंदिरों और चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पॉकेटमारों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई रास्तों पर रूट डायवर्जन किया, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram