रामगढ़ : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने 13 आईपीएस और 42 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती का आदेश जारी किया है।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर आईजी मानवाधिकार कार्यालय की ओर से 12 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया गया था। रामगढ़ एसपी के अनुरोध पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारी 15 अक्टूबर की दोपहर से 19 अक्टूबर की सुबह तक या कार्यक्रम समाप्त होने तक नेमरा और रामगढ़ में तैनात रहेंगे।
कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसटीएफ डीआईजी इंद्रजीत महथा, एसआईबी एसपी सौरभ, जैप-4 के समादेष्टा ऋषभ कुमार झा, विशेष शाखा एसपी हरविंदर सिंह, एसीबी एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, जैप-6 के समादेष्टा राजेश कुमार, सीआईडी एसपी रोशन गुड़िया और एसीबी एसपी श्रीराम समद को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, जमशेदपुर ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल, रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब और चैनपुर एसडीपीओ श्रुति भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
42 डीएसपी स्तर के अधिकारी भी रहेंगे तैनात
श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान 42 डीएसपी स्तर के अधिकारियों को भी तैनात किया जाएगा। इनमें एसटीएफ, एटीएस, एसीबी, विशेष शाखा, जैप और आईआरबी के अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा रेल और यातायात पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
इन अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है।




