किशनगंज: किशनगंज से ठाकुरगंज और गलगलिया जाने वाले यात्रियों की परेशानी को देखते हुए सांसद डॉ. मो. जावेद आजाद ने अतिरिक्त यात्री ट्रेन चलाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को रेल मंत्री को पत्र लिखकर दोपहर के समय बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
दोपहर में ट्रेन नहीं मिलने से यात्रियों को परेशानी
सांसद ने पत्र में बताया कि किशनगंज से ठाकुरगंज और गलगलिया की ओर दोपहर के समय पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं हैं। खासकर दोपहर 12 बजे के बाद उपयुक्त ट्रेन नहीं मिलने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय भी बर्बाद होता है।
दोपहर 2 से 3 बजे के बीच ट्रेन चलाने की मांग
सांसद डॉ. जावेद आजाद ने रेल मंत्री से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच किशनगंज से ठाकुरगंज और गलगलिया की ओर एक अतिरिक्त यात्री ट्रेन चलाने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि यदि तत्काल नई ट्रेन चलाना संभव नहीं है, तो मौजूदा ट्रेनों के समय में बदलाव किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
रेलवे अधिकारियों को भी भेजी पत्र की कॉपी
सांसद ने अपनी मांग के समर्थन में अधिवक्ता डॉ. बलराम साह का पत्र भी संलग्न किया है। साथ ही रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी है।
अब यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे उनकी परेशानी को देखते हुए दोपहर के समय रेल सुविधा बढ़ाने पर विचार करेगा।




