1500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी
मैच के लिए स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब 1500 पुलिसकर्मी और 150 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 160 सीसीटीवी कैमरे, 60 फेस रिकग्निशन कैमरे और 10 से अधिक ड्रोन से निगरानी की तैयारी है। स्टेडियम में करीब 27 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक डायवर्ट
मैच को देखते हुए दोपहर 2 बजे से स्टेडियम के आसपास कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दर्शकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर अपने वाहन खड़े करने होंगे। इसके बाद उन्हें पैदल स्टेडियम तक पहुंचना होगा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की विशेष टीम तैनात रहेगी।
होलकर स्टेडियम में चौके-छक्कों की उम्मीद
इंदौर का होलकर स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए अच्छा माना जाता है। यहां की छोटी बाउंड्री के कारण बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है। इस मैदान पर भारत ने अब तक चार अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले हैं, जिनमें तीन में जीत मिली है। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम पहली बार यहां टी-20 मुकाबला खेलेगी।
मैच के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ रोहित पंडित के अनुसार, मैच को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को इंदौर में मौसम साफ रहने और बारिश की संभावना कम होने का अनुमान है। हालांकि, अचानक बारिश होने पर मैदान को ढकने की व्यवस्था भी की गई है।



