हजारीबाग : हजारीबाग में खतियानी परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। शनिवार को कन्हरी रोड स्थित खतियानी चौक के जेपीएम अस्पताल परिसर में संगठन की साप्ताहिक बैठक हुई। महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष सुनीता कच्छप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताया। सभी ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान संगठन ने राज्य सरकार से रूपी सोरेन को ‘राजमाता’ की उपाधि देने की मांग भी की।
जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग
बैठक में शहर की खराब सड़कों को लेकर भी चर्चा हुई। डॉ. एके मेहता ने कहा कि हजारीबाग की कई सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय है और सड़कों की बदहाल स्थिति से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।



