फॉण्ट कनवर्टर NEW

मानव दिवस कर्मियों के वर्षों से लंबित वेतन का मुद्दा गरमाया, ऊर्जा श्रमिक संघ ने सौंपा मांग-पत्र

झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने बिजली विभाग में काम करने वाले मानव दिवस कर्मियों की लंबित समस्याओं को लेकर जमशेदपुर विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक अजीत कुमार से मुलाकात की। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें मांग-पत्र सौंपकर बकाया वेतन, वेतन एरियर,

अपनी भाषा में पढ़ें

जमशेदपुर : झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने बिजली विभाग में काम करने वाले मानव दिवस कर्मियों की लंबित समस्याओं को लेकर जमशेदपुर विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक अजीत कुमार से मुलाकात की। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें मांग-पत्र सौंपकर बकाया वेतन, वेतन एरियर, ईपीएफ-ईएसआईसी और समय पर वेतन भुगतान जैसी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार भी मौजूद रहे।

पांच कर्मियों के बकाया भुगतान का मामला उठाया

बैठक में चांडिल डिवीजन के पांच मानव दिवस कर्मियों अजय कुमार दास, विनय कुमार टुडू, सत्यवान महली, इंद्रजीत रजक और संतोष साव का मामला प्रमुखता से उठाया गया। संघ के अनुसार, ये कर्मी लंबे समय से विभाग में काम कर रहे हैं और इनके नाम वर्ष 2014 के सर्वे रिकॉर्ड में भी दर्ज हैं। इसके बावजूद वर्ष 2019 से 2021 के बीच अलग-अलग कारणों से इनका भुगतान बंद हो गया।

संघ ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण इन कर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महाप्रबंधक ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने में मानव दिवस कर्मियों की अहम भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें मेहनत का पैसा नहीं मिलना गंभीर मामला है। उन्होंने बकाया भुगतान जल्द कराने और जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

महाप्रबंधक अजीत कुमार ने कर्मियों की समस्याओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मांगों की जांच करने और निजी एजेंसियों को नोटिस जारी कर समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

वेतन एरियर और ईपीएफ-ईएसआईसी की भी मांग

संघ ने वर्ष 2017 से 2026 तक के लंबित वेतन एरियर की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाने की मांग की। इसके अलावा सभी कर्मियों को ईपीएफ और ईएसआईसी का पूरा विवरण देने, हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच वेतन भुगतान सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य बीमा के नाम पर वेतन से होने वाली कटौती की जांच कराने की मांग भी रखी गई।

संघ ने साप्ताहिक अवकाश और अन्य वैधानिक सुविधाएं देने की मांग की। साथ ही अनुभवी और आईटीआई योग्य कर्मियों को नए कार्यस्थलों पर प्राथमिकता देने तथा सरकारी एजेंसी JAP-IT के माध्यम से काम कराने पर विचार करने की अपील की।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा प्रयास

अजय राय ने कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि समय पर कार्रवाई भी जरूरी है। संघ ने पांचों कर्मियों के बकाया भुगतान सहित सभी जायज मांगों का समाधान होने तक मामला उठाते रहने की बात कही। बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सिंह राजू सहित कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बिजलीकर्मी शामिल हुए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram