रांची : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 5 लाख रुपये के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। घर के मालिक गुलाम जिलानी उर्फ भोला गांव गए हुए थे। गुरुवार सुबह लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी और बक्से के ताले भी टूटे हुए थे। चोर घर की वायरिंग तक उखाड़कर ले गए।
चोरी की घड़ी की फोटो से मिला सुराग
घर लौटने के बाद गुलाम जिलानी को मोहल्ले के गुड्डू ने एक घड़ी की फोटो दिखाई। गुलाम ने घड़ी को पहचान लिया और बताया कि यह उनकी चोरी हुई घड़ी है। पूछताछ करने पर गुड्डू ने कथित तौर पर बताया कि मोहल्ले के सूरज नाम के युवक ने उसे फोन पर घड़ी की फोटो भेजी थी। सूरज ने घड़ी बेचने के लिए ग्राहक तलाशने को कहा था।
दो युवकों से पूछताछ कर रही पुलिस
घटना के बाद गुलाम जिलानी ने सुखदेवनगर पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस गुड्डू और सूरज को थाने ले गई। दोनों से चोरी के मामले में पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




