Patna: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आयोग ने एक बार फिर अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा आगामी 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है।
Read more: सिमुलतला प्रवेश परीक्षा का इंतजार खत्म, आज आएगा एडमिट कार्ड; 24 को एग्जाम
आल ही में परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी अधिसूचना में परीक्षा स्थगित किए जाने के पीछे ‘अपरिहार्य कारण’ बताए गए हैं, हालांकि आयोग ने इन कारणों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। इस घोषणा के बाद से परीक्षा की आस लगाए बैठे अभ्यर्थियों को एक बार फिर से नई तारीख का इंतजार करना होगा।
कुल 1186 पदों पर होनी है नियुक्तियां
बिहार लोक सेवा आयोग की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित और अहम भर्ती परीक्षाओं में गिनी जाती है, जिसमें हर साल लाखों की संख्या में युवा अपनी किस्मत आजमाते हैं। इस बार इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 1186 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
चूँकि इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी थी और अभ्यर्थी महीनों से दिन-रात इसकी तैयारी में जुटे थे, ऐसे में अचानक परीक्षा टल जाने से उनकी तैयारियों की समय-सीमा और बढ़ गई है।
नई तारीख के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर रखनी होगी नजर
आयोग की तरफ से फिलहाल परीक्षा की किसी नई तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। BPSC द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि प्रारंभिक परीक्षा की नई तिथि की जानकारी जल्द ही विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और परीक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी आधिकारिक सूचना के लिए केवल BPSC की ऑफिशियल वेबसाइट पर ही नजर बनाए रखें। नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जल्द ही अलग से जारी किए जाएंगे।





