Patna: संपूर्ण क्रांति के अग्रदूत और लोकनायक स्व. जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी पटना में उन्हें पूरे सम्मान के साथ याद किया गया। इस मौके पर गांधी मैदान के दक्षिण-पश्चिम छोर पर स्थित लोकनायक की आदमकद प्रतिमा पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन। 🙏 https://t.co/1gDb4WMHQ7
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 8, 2026
इस अवसर पर राज्य के कई प्रमुख मंत्री और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि देने वालों में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रोशन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक श्याम रजक, विधायक अरुण मांझी और किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता शामिल रहे। इसके अलावा अनेक सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भी लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया।
इस विशेष आयोजन के दौरान सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों का प्रभावी गायन भी किया गया, जिससे पूरा माहौल जेपी के विचारों और उनके बलिदान के रंग में सराबोर नजर आया।





