रांची: डोरंडा स्थित शौर्य ऑडिटोरियम में चल रहे दो दिवसीय मेगा सीए स्टूडेंट्स कांफ्रेंस का रविवार को समापन हो गया। दूसरे दिन सीए विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, करियर, फाइनेंशियल रिपोर्टिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी।
पहले तकनीकी सत्र में सीए आशीष कालरा ने “पहली और अगली बार में CA एग्जाम कैसे पास करें” विषय पर विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के तरीके बताए। उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित पढ़ाई, रिवीजन और मॉक टेस्ट को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही असफलता से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर तैयारी करने की सलाह दी।
दूसरे सत्र में सीए ईशा वर्मा ने “GENZ: पढ़ाई, जुनून और पेशे को संतुलित करना” विषय पर बात की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ व्यक्तिगत रुचियों और प्रोफेशनल जीवन में संतुलन जरूरी है। उन्होंने तकनीक और सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल के साथ अनुशासन और लक्ष्य पर ध्यान देने की बात कही।
तीसरे सत्र में सीए सार्थक जैन ने फाइनेंशियल रिपोर्टिंग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय विवरण, रिपोर्टिंग की गुणवत्ता और अकाउंटिंग स्टैंडर्ड्स के व्यावहारिक पहलुओं को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से विषय की बुनियादी समझ मजबूत करने और उसके व्यावहारिक इस्तेमाल पर ध्यान देने को कहा।
अंतिम तकनीकी सत्र में सीए शिवम् पलान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि AI अकाउंटिंग और फाइनेंस के क्षेत्र में काम करने के तरीकों को बदल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को AI टूल्स सीखने और अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने की सलाह दी।
इसके अलावा सीए अनुप कुमार ने ‘कौन बनेगा सीए’ क्विज के जरिए विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए। तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता सीए अभिषेक कुमार, सीए प्रतीक मित्तल, सीए हर्ष अग्रवाल और सीए रागेश बिहारी ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सेंट्रल इंडिया सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता के संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार सीखने, अनुशासन और प्रोफेशनल स्किल विकसित करने की सलाह दी।
समापन के मौके पर रांची शाखा के सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती ने कांफ्रेंस की सफलता पर विद्यार्थियों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे सीखने और करियर से जुड़े विषयों को समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में रांची शाखा के सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन की सचिव खुशी गुप्ता ने विशेषज्ञों, पदाधिकारियों, विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
मौके पर सीए अनीश जैन, सीए विवेक खोवाल, सीए दिलीप कुमार, सीए निशांत मोदी, सीए रणजीत गारोडिया, सीए हर्ष वर्मा, सीए ऋषब नंदा और सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद रहे। कांफ्रेंस के बाद विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी विभिन्न प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया।




