रांची: जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शूटिंग में अपना पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह की जोड़ी ने 484.6 अंक के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था। दोनों ने 587-29x अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
दक्षिण कोरिया की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे और ईरान 415.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत का 484.6 अंक का स्कोर नया एशियन रिकॉर्ड भी बना। इससे पहले यह रिकॉर्ड उज्बेकिस्तान के नाम था, जिसने 481.3 अंक हासिल किए थे।
सुरुचि का शानदार रिकॉर्ड
हरियाणा के झज्जर जिले की रहने वाली सुरुचि इंदर सिंह ने 13 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की थी। 2025 में उन्होंने ब्यूनस आयर्स, लीमा और म्यूनिख में ISSF वर्ल्ड कप में लगातार तीन गोल्ड मेडल जीते थे। 2025 के ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया था।
कमलजीत ने भी दिखाया दम
हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले कमलजीत ने 2019 में शूटिंग शुरू की थी। इससे पहले वह ट्रैक एंड फील्ड में हिस्सा लेते थे। चोट के बाद उन्होंने शूटिंग को अपना करियर बनाया। 2023 में जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने 50 मीटर पिस्टल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था।
कमलजीत और सुरुचि ने व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं किया था। इसके बावजूद दोनों ने मिक्स्ड टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को शूटिंग का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।




