फॉण्ट कनवर्टर NEW

पुलिस देखती रह गई, सिपाही को धक्का देकर तीसरी मंजिल से कूद गया आरोपी शिक्षक

रामनगर स्थित एसपी कार्यालय में मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया के दौरान 49 वर्षीय शिक्षक ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, अस्पताल में तोड़ा दम।

अपनी भाषा में पढ़ें

Bengaluru: स्कूल के बच्चों के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप में गिरफ्तार 49 साल के एक शिक्षक ने पुलिस हिरासत के दौरान एसपी कार्यालय की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। यह घटना बेंगलुरु दक्षिण जिले के रामनगर स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) दफ्तर में रविवार को घटी, जिसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने सोमवार को की है। मृतक की पहचान विजयनगर जिले के रहने वाले शशिधर के रूप में हुई है, जो चन्नापटना तालुक के एक निजी स्कूल में शारीरिक शिक्षा (पीटीआई) का शिक्षक था।

मेडिकल जांच के लिए एसपी कार्यालय लाया गया था आरोपी

शनिवार शाम को स्कूल के कई बच्चों के यौन उत्पीड़न की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शशिधर के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। अदालती प्रक्रिया के तहत उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाना था। इससे पहले जरूरी चिकित्सीय परीक्षण और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पुलिस टीम रविवार को उसे रामनगर स्थित एसपी कार्यालय परिसर लेकर पहुंची थी।

सिपाही को धक्का देकर रेलिंग की ओर दौड़ा

पुलिस के अनुसार, कागजी कार्रवाई के वक्त आरोपी इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक यूनिट में मौजूद था। वहां से जब पुलिसकर्मी उसे नीचे खड़ी गाड़ी की तरफ ले जा रहे थे, तभी उसने सुरक्षा में तैनात कॉन्स्टेबल को अचानक जोरदार धक्का दे दिया। संभलने का मौका मिलने से पहले ही वह तेजी से दौड़कर गैलरी की रेलिंग पर चढ़ा और नीचे छलांग लगा दी।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, CCTV में कैद हुई घटना

ऊंचाई से गिरने के कारण शशिधर जमीन पर गिरते ही लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उसे नजदीकी जिला अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धक्का देने और कूदने का पूरा घटनाक्रम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram