Hyderabad: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र के वट्टापल्ली में महज 10 रुपये के छुट्टे को लेकर उपजे विवाद में एक ऑटो चालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार शाम हुई इस सनसनीखेज घटना में हमलावरों ने ऑटो चालक को उसकी पत्नी और बच्चों के सामने ही पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, वहीं इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
200 रुपये का नोट देने पर भड़का विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहम्मद मुकर्रम के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो ड्राइवर थे। बहादुरपुरा से एआईएमआईएम (AIMIM) विधायक मोहम्मद मुबीन के अनुसार, पूरा विवाद महज 10 रुपये के किराए और छुट्टे पैसों को लेकर शुरू हुआ था। मुकर्रम ने 10 रुपये के किराए के भुगतान के लिए 200 रुपये का नोट दिया था। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया।
पत्नी और बच्चों के सामने 6-8 लोगों ने किया जानलेवा हमला
विधायक मोहम्मद मुबीन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि अजीम नामक व्यक्ति ने अपने 6 से 8 साथियों के साथ मिलकर मुकर्रम को घेर लिया। हमलावरों ने उनके परिजनों की मिन्नतों को अनसुना कर दिया और पत्नी व मासूम बच्चों के सामने ही मुकर्रम को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से तब तक पीटा जब तक उनकी जान नहीं निकल गई। विधायक ने दावा किया कि अजीम और शोएब इलाके के नामी हिस्ट्रीशीटर और उपद्रवी हैं, जिनका इलाके में लगातार आतंक बना हुआ है।
एक महीने में दूसरी हत्या, पुलिस गश्त बढ़ाने की उठी मांग
इलाके के जनप्रतिनिधि ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए खुलासा किया कि उसी सड़क पर एक महीने के भीतर यह दूसरी हत्या की वारदात है। विधायक ने राजेंद्रनगर के डीसीपी और हैदराबाद पुलिस कमिश्नर से सभी नामजद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने, सख्त कानूनी कार्रवाई करने और वट्टापल्ली क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है। वहीं, राजेंद्रनगर थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।



