Malappuram: केरल में मूसलाधार बारिश, अचानक आई बाढ़ और जगह-जगह हुए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में कम से कम पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग लापता हैं। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों से लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
कोट्टापुझा नदी में बहे पांच लोग, दो अब भी लापता
सबसे बड़ा हादसा मलप्पुरम जिले के निलंबूर-अमरंबलम इलाके में हुआ। वंडूर से कुछ लोग रविवार शाम कोट्टापुझा नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और पानी के तेज बहाव में पांच लोग बह गए। पास मौजूद एक स्थानीय नागरिक ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में चले तलाशी अभियान के दौरान दो लोगों के शव बरामद हुए। नदी में लापता बाकी दो लोगों की तलाश के लिए विशेष आपदा प्रबंधन टीम लगातार अभियान चला रही है।
कोट्टायम और इडुक्की में पहाड़ी खिसकने से गई तीन जानें
पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन ने भारी नुकसान पहुंचाया है। कोट्टायम जिले के टीकोय के पास वेलाथुसेरी में सड़क पर अचानक पहाड़ी से मिट्टी खिसक गई। इसकी चपेट में आने से तमिलनाडु की 35 वर्षीय संगीता अरुल लाल की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी सहेली के साथ वागामोन से लौट रही थीं। इस हादसे में उनकी सहेली भी घायल हुई हैं।
उधर, इडुक्की के कोट्टाकम्बूर में बारिश से बचने के लिए एक शेड में खड़े तीन लोग भूस्खलन का शिकार हो गए। पहाड़ी से मिट्टी और मलबे का बड़ा हिस्सा सीधे शेड पर गिरा, जिससे दो लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई।
अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी, जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक तेज बारिश का अनुमान जताया है। 20 और 21 सितंबर को कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। खतरे को देखते हुए कोट्टायम और इडुक्की जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गौरतलब है कि राज्य में 1 जून से 17 सितंबर के दौरान सामान्य से 28 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन अब अचानक शुरू हुए मूसलाधार दौर ने हालात बिगाड़ दिए हैं।



