Ranchi: राजधानी में सार्वजनिक संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में रांची नगर निगम ने अपना कड़ा रुख बरकरार रखा है। इसी क्रम में वार्ड संख्या-16 के अंतर्गत पत्थलकुदवा रोड, गुदरी चौक के पास नगर निगम के स्वामित्व वाली लगभग 19.3 डिसमिल जमीन को निगम ने पूर्णतः कब्जामुक्त करा लिया है।
शनिवार को निगम की टीम उक्त भूमि की पूर्व संरचना को तोड़कर जमींदोज और अतिक्रमणमुक्त कराने के इरादे से जेसीबी, निगम टीम और पुलिस बल के साथ पहुंची हालांकि स्थानीय चार पार्षदों ने आम नागरिकों से मिलकर निगम के इस कार्य का पूरजोर विरोध किया।
सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केंद्र का होगा निर्माण
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बहुमूल्य जमीन का उपयोग किसी भी निजी या व्यावसायिक गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा। इसके बजाय, स्थानीय नागरिकों के व्यापक सामाजिक और स्वास्थ्य हित को ध्यान में रखते हुए यहां एक आधुनिक सामुदायिक भवन और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ सेंटर) का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।
इन सुविधाओं के बन जाने से क्षेत्र के लोगों को वैवाहिक व अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक बेहतरीन स्थान मिलेगा, साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
कार्रवाई के दौरान विरोध और स्थिति
अभियान के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और निजी हित से जुड़े लोगों ने स्थानीय निवासियों को भ्रामक जानकारियां देकर उकसाने और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की। मौके पर प्रशासनिक सतर्कता दिखाते हुए और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। स्थिति सामान्य होते ही नियमानुसार अगली प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।
निगम की शहरवासियों से अपील
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। यह जमीन जनता की संपत्ति है और इस पर बनने वाली परियोजनाएं शहर के विकास व नागरिकों की सुविधा के लिए समर्पित हैं। निगम ने स्थानीय निवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया है।




