Washington, USA: ट्रंप प्रशासन इजराइल को 2.8 अरब डॉलर (लगभग 23,000 करोड़ रुपये) के नए सैन्य पैकेज को मंजूरी देने की तैयारी में जुटा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस प्रस्तावित रक्षा सौदे में 40,000 अत्यंत शक्तिशाली और भारी 2,000-पाउंड वाले बम शामिल किए गए हैं। यह नया रक्षा प्रस्ताव ऐसे समय में सामने आया है जब गाजा में अमेरिका की मध्यस्थता से लागू हुआ सीजफायर बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है और घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में इतने भारी हथियारों के इस्तेमाल पर वैश्विक स्तर पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Read more: हमास ने अमेरिकी युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार किया, 10 इजरायली बंधकों की रिहाई तय
20 हजार MK-84 और 20 हजार BLU-117 बम शामिल
दो अमेरिकी अधिकारियों और इस योजना की जानकारी रखने वाले एक अन्य सूत्र के हवाले से सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, इस 40,000 बमों के पैकेज में 20,000 एमके-84 (MK84) और 20,000 बीएलयू-117 (BLU-117) बम शामिल हैं। पैकेज को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी होने के कारण अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी। इस प्रस्तावित बिक्री की अनौपचारिक जानकारी अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों को पहले ही दी जा चुकी है। इस सौदे का अधिकांश हिस्सा अमेरिकी ‘फॉरेन मिलिट्री फाइनेंसिंग प्रोग्राम’ के तहत फंड किया जाएगा, जिसके जरिए अमेरिकी करदाताओं के पैसे से विदेशी सहायता दी जाती है और उसी फंड से अमेरिका में बने हथियार खरीदे जाते हैं।
बाइडेन की रोक हटाकर ट्रंप प्रशासन ने बढ़ाया सहयोग
यह प्रस्तावित रक्षा पैकेज ट्रंप प्रशासन द्वारा इजराइल की सैन्य क्षमताओं को मजबूती देने के कदमों की अगली कड़ी है। इससे पहले बाइडेन प्रशासन ने गाजा में बड़े पैमाने पर नागरिकों के जान-माल के नुकसान की आशंका को देखते हुए इसी तरह के 2,000 पाउंड वाले भारी बमों की डिलीवरी पर रोक लगा दी थी। हालांकि, ट्रंप ने सत्ता में लौटने के बाद उस रोक को हटा दिया था। यह नया प्रस्ताव इजराइल को भारी बमों की आपूर्ति फिर से शुरू करने और उसका दायरा बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Read more: महायुद्ध टला! डेडलाइन से 90 मिनट पहले सीजफायर पर बनी सहमति, ट्रंप का बड़ा बयान
इससे पहले भी ट्रंप प्रशासन ने करीब 3 अरब डॉलर की हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी थी, जिसमें 2,000 पाउंड के 35,500 से अधिक बम शामिल थे। इसके बाद जनवरी में भी इजराइल को 6.67 अरब डॉलर के हथियारों की एक अन्य खेप को मंजूरी दी गई थी।
हमलों में 73 हजार से अधिक मौतें, संघर्ष जारी
गाजा पर इजराइली हमलों में अब तक 73,264 से अधिक फलस्तीनी अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। संघर्ष विराम के दावों के बावजूद गाजा के कई हिस्सों में हमले जारी हैं। मंगलवार सुबह और रात भर हुए ताजा हमलों में कई लोगों के मारे जाने की सूचना है। वहीं, हथियारबंद समूहों ने इजराइली सैनिकों पर गोलीबारी की है। दूसरी ओर, इजराइल का कहना है कि उसकी यह सैन्य कार्रवाइयां इन हमलों और सीजफायर के कथित उल्लंघनों के जवाब में की जा रही हैं।
Read more: सीजफायर के बीच बेरुत में हमला; तबाताबाई की मौ’त का दावा, बेरुत में बढ़ा तनाव!




