देवघर: सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश चंद्रशेखर कुमार ने रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच देवघर के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया और भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती की आरती में शामिल हुए।
मंदिर पहुंचने पर उन्हें पहले प्रशासनिक भवन ले जाया गया, जहां मंदिर के पुजारियों ने उनका संकल्प कराया। इसके बाद वे गर्भगृह पहुंचे और सरदार पंडा की मौजूदगी में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया।
सुरक्षा को देखते हुए पूजा के दौरान कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इससे मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। हालांकि, श्रद्धालुओं ने प्रशासन का सहयोग किया।
इससे पहले शनिवार को देवघर पहुंचने पर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें शिवलिंग का फोटो फ्रेम भी भेंट किया गया।
पूजा के बाद न्यायाधीश सर्किट हाउस गए और कुछ देर रुकने के बाद देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।




