नवादा: रजौली बाजार के हाट परिसर में रविवार को विधायक कार्यालय के पास निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन रजौली विधायक विमल राजवंशी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब 200 लोगों की जांच की और उन्हें जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी दी गईं।
शिविर में डॉ. आदित्य कौशल और डॉ. सुरभि ने मरीजों की जांच की। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था।
विधायक विमल राजवंशी ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए लोगों को समय पर इलाज और स्वास्थ्य संबंधी सलाह मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी को इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य से आगे भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित भोजन लेने और बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की।
ग्रामीणों ने निःशुल्क जांच, दवा और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने पर आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



