किशनगंज: सीमावर्ती किशनगंज में नशे की तस्करी के खिलाफ एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान टीम ने 507 ग्राम ब्राउन शुगर और 814 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान नशीले पदार्थों के अलावा एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
जांच एजेंसियां जब्त मोबाइल फोन की भी जांच कर रही हैं। कॉल डिटेल और अन्य जानकारी के आधार पर तस्करी से जुड़े लोगों का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारियों को आशंका है कि मामला किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। एसएसबी और बिहार पुलिस सीमावर्ती इलाकों में तस्करी रोकने के लिए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है।



