Chatra : जिला के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में युवक-युवती को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने पहुंची पुलिस टीम पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डाहु पंचायत के पूर्व मुखिया समेत दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम पर अचानक हुए हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पु कुमार शर्मा,चतरा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पथराव में पांच पुलिस वाहनों को भी क्षति पहुंची थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।
टंडवा के एसडीपीओ ऑफिस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सीनियर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने मीडिया को जानकारी साझा किया।उन्होंने बताया कि आठ सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सिदपा गांव में ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को एक घर में बंद कर रखा है। सूचना की पुष्टि और दोनों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने युवक-युवती को घर से बाहर निकाला और उन्हें अपने साथ ले जाने लगी। इसी दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों की भीड़ उग्र हो गई।
*पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का प्रयास,फिर शुरू हुआ पथराव*
पुलिस के अनुसार,भीड़ ने युवक-युवती को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक पुलिस टीम को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। पथराव में दो थानेदार समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया गया,जिससे टंडवा,सराडु, बुकरू, चतरा सदर और सिमरिया थाना से जुड़े पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
*37 नामजद,300-400 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज*
घटना को लेकर पुलिस ने 37 नामजद आरोपितों के अलावा करीब 300 से 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। स्थानीय चौकीदार से भी घटना में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद अन्य आरोपितों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
*दो गिरफ्तार,बाकी की तलाश जारी*
पुलिस ने नामजद आरोपितों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सीनियर डीएसपी ने बताया कि विशेष छापेमारी दल में हंटरगंज के पूर्व थाना प्रभारी सह सब इंस्पेक्टर प्रभात कुमार,अरविंद कुमार, टंडवा थाना रिजर्व गार्ड तथा सैट के सशस्त्र बलों को शामिल किया गया है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सरकारी कार्य में बाधा और *पुलिस पर हमले को लेकर सख्ती*
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने, पुलिस टीम के कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर पथराव करने तथा सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर एक-एक कर आरोपितों की पहचान में जुटी है।



