Chatra : सदर अस्पताल, चतरा की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। बैठक में अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार, आवश्यक उपकरण व सामग्री की उपलब्धता, एंबुलेंस एवं शव वाहन की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने तथा कर्मियों की कमी दूर करने समेत करीब 15 महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अस्पताल की वर्षों पुरानी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने पर जोर दिया गया। पोस्टमार्टम कक्ष तक जाने वाले रास्ते में फाइबर ब्लॉक लगाने, पोस्टमार्टम कक्ष की मरम्मत, रंग-रोगन तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत दवा एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निजी दुकानों को चिन्हित करने पर भी सहमति बनी।
अस्पताल के टूटे खिड़की-दरवाजों की मरम्मत, पुराने उपकरण एवं सामग्री को दुरुस्त करने, भवनों में रंग-रोगन, पुराने बल्ब व ट्यूबलाइट बदलने तथा ओपीडी और कार्यालय में एसी लगाने का निर्णय लिया गया। अस्पताल परिसर में पेस्ट कंट्रोल कराने के साथ ओपीडी के पीछे टूटे स्लैब की मरम्मत और पानी की टंकी की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
मरीजों की सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए व्हीलचेयर, स्ट्रेचर, वाटर फिल्टर, डिस्पोजेबल बेडशीट, कलर कोडेड बेडशीट, तकिया-कवर एवं बेड साइड लॉकर सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद पर चर्चा हुई। ओपीडी एवं विभिन्न कमरों की मरम्मत, रंग-रोगन तथा कायाकल्प के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर भी जोर दिया गया। अस्पताल के गार्डेन एरिया में चारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
एंबुलेंस और शव वाहन की होगी मरम्मत
बैठक में सोलर एवं जनरेटर से संबंधित कार्यों को दुरुस्त करने, पानी की टंकी की नियमित सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कराने तथा अस्पताल की एंबुलेंस और शव वाहन की रिपेयरिंग कराने का निर्णय लिया गया। बायो-मेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन के लिए नए एमओयू की प्रक्रिया पूरी करने पर भी सहमति बनी।
कर्मियों की कमी दूर करने और सेवाओं के विस्तार पर जोर
अस्पताल में कर्मियों की कमी दूर करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का प्रस्ताव पारित किया गया। अस्पताल में कार्यरत पदाधिकारियों एवं पारा मेडिकल कर्मियों के लिए यूनिफॉर्म/ड्रेस कोड और पहचान पत्र लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा ब्लड टेस्ट, लॉन्ड्री एवं अल्ट्रासाउंड सेवा की अवधि बढ़ाने तथा आईपीएचएचओ गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक कर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग को किया जाएगा व्यवस्थित
अस्पताल के मुख्य गेट के समीप सुरक्षा कर्मियों के लिए शेड, जनरेटर के लिए शेड तथा पार्किंग एरिया में आवश्यक निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। The Hans Foundation Dialysis Center को डीईआईसी भवन में स्थानांतरित करने तथा टीबी अस्पताल में सैंपल कलेक्शन के लिए जाने वाले रास्ते में फाइबर ब्लॉक एवं शेड निर्माण पर भी सहमति बनी।
बैठक में समिति के सदस्यों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त करने और मरीजों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, सांसद प्रतिनिधि बिनय सिंह, सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल, डॉ. आशीष कुमार, डैम रविंद्र कुमार, रेड क्रॉस के सचिव धर्मेंद्र पाठक, अस्पताल मैनेजर सिद्धार्थ कुमार, पवन कुमार, निधि कुमारी, प्रधान सहायक राजा कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।



