New Delhi: दुनिया के बड़े मंच ब्रिक्स समिट (BRICS Summit) में इस बार बिहार का देसी स्वाद अपनी अलग पहचान बनाने जा रहा है। विदेशी मेहमानों को न सिर्फ बिहार का सत्तू चखने को मिलेगा, बल्कि मखाने के साथ बिहारी स्वाद की सौगात घर ले जाने का मौका भी मिलेगा। भारत सरकार ने इस बार मीडिया किट के जरिए देश की विविधता और राज्यों की खासियत दुनिया के सामने रखने की तैयारी की है। विदेश मंत्रालय के ओएसडी वासुदेव रवि ने इसे ‘इंडिया स्टोरी’ दिखाने की कोशिश बताया है।
Read more: ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे पुतिन, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात
ब्रिक्स समिट में बिहार के उत्पादों की धूम
ब्रिक्स समिट (BRICS Summit) में इस बार सिर्फ कूटनीति और वैश्विक मुद्दों की चर्चा नहीं होगी, बल्कि भारत के अलग-अलग राज्यों के स्वाद और हुनर की झलक भी देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि बिहार का सत्तू और मखाना विदेशी मेहमानों के बीच आकर्षण का केंद्र बनेगा। समिट में आने वाले अंतरराष्ट्रीय मीडिया और मेहमानों को बिहार के इन पारंपरिक उत्पादों से रूबरू कराया जाएगा। विदेश मंत्रालय के ओएसडी (पीआर) वासुदेव रवि ने बताया कि मीडिया किट के जरिए ‘इंडिया स्टोरी’ को सामने रखने का मकसद भारत की पारंपरिक चीजों, खान-पान और अलग-अलग राज्यों की खासियतों को अंतरराष्ट्रीय मीडिया के सामने पेश करना है।
विदेश मंत्रालय की खास साझेदारी
इसी कड़ी में विदेश मंत्रालय ने तीन राज्यों के साथ साझेदारी की है। बिहार की ओर से सत्तू को पारंपरिक पेय और मखाने को राज्य का लोकप्रिय उत्पाद बताया गया है। मखाना पहले से ही बिहार की पहचान से जुड़े प्रमुख उत्पादों में शामिल है, वहीं सत्तू पारंपरिक खान-पान का अहम हिस्सा है। इस पहल से दोनों उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अलग पहचान मिलने की उम्मीद है।
Read more: मोदी-पुतिन की आज 3:30 बजे मुलाकात, दिल्ली में 30 हजार जवान तैनात
अन्य राज्यों की खासियतें भी शामिल
इस मीडिया किट में सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि ओडिशा और गुजरात की खासियतों को भी जगह दी गई है। ओडिशा सरकार की ओर से कोरापुट की कॉफी को शामिल किया गया है, वहीं गुजरात सरकार ने अलग-अलग तरह के हस्तशिल्प उपलब्ध कराए हैं। इनके जरिए गुजरात की कारीगरी और पारंपरिक हुनर को प्रदर्शित किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह पहल भारत की विविधता और अलग-अलग राज्यों की खासियतों को दुनिया के सामने रखने का एक प्रयास है।




