रांची: राजधानी रांची में बुधवार को लोगों को बिजली और पानी की परेशानी झेलनी पड़ सकती है। एक तरफ रुक्का जलशोध संस्थान के पास पुरानी पाइपलाइन की मरम्मत का काम चल रहा है, तो दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में बिजली विभाग मेंटेनेंस करेगा।
2 बजे तक पानी की सप्लाई प्रभावित
रुक्का जलशोध संस्थान के पास करीब 50 साल पुरानी राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत की जा रही है। पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की समस्या को देखते हुए यह काम कराया जा रहा है।
मरम्मत के कारण दोपहर 2 बजे तक रुक्का से पानी पाने वाले रांची के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग ने लोगों से पहले ही पानी का इंतजाम करने की अपील की है।
कई इलाकों में घंटों रहेगी बिजली बंद
बिजली विभाग के अनुसार, अशोकनगर में दोपहर 12 बजे से 3:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। अशोकनगर, अशोक कुंज, सेंट्रल अशोका, रामदेव विहार, मोहन मार्केट, गोपाल मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स और अरगोड़ा चौक के आसपास के इलाके प्रभावित होंगे।
RMCH क्षेत्र में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी। नवीन मित्रा रोड, मधुरेणु अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में इसका असर पड़ेगा।
हटिया और तुपुदाना क्षेत्र भी प्रभावित
अपर हटिया, एकता नगर, लोअर हटिया और ओबरिया रोड में भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
ओरमांझी और कटहल मोड़ में भी कटौती
ओरमांझी क्षेत्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी। वहीं ITI फीडर से जुड़े मानसरोवर नगर, कटहल मोड़ और आसपास के इलाकों में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित होने को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी काम पहले से निपटा लें और पानी का पर्याप्त भंडारण कर रखें।




