रांची। हाल ही में रिलीज हुई हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को झारखंड में टैक्स फ्री करने की मांग उठी है। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है।
संजय सेठ ने कहा कि फिल्म भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भगवान हनुमान के प्रति आस्था को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। फिल्म का कथानक संत और हनुमान भक्त नीम करौली बाबा के जीवन तथा उनके विचारों से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में भी नीम करौली बाबा के प्रति लोगों की आस्था है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम जाते हैं। ऐसे में यह फिल्म युवाओं को सेवा, त्याग, साहस और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का काम कर सकती है।
संजय सेठ ने मुख्यमंत्री से फिल्म के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए इसे झारखंड में कर-मुक्त करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि टैक्स फ्री होने से समाज के अधिक लोगों को फिल्म देखने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि उत्तराखंड सरकार ने भी ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।




