जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। बिष्टुपुर स्थित एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
राज्यपाल ने विभिन्न संकायों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को डिग्री और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और सकारात्मक सोच भी जरूरी है।
1990 छात्राओं को प्रदान की गई डिग्री
समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर की कुल 1,990 छात्राओं को डिग्री दी गई। इसके अलावा 54 मेधावी छात्राओं को गोल्ड मेडल, चांसलर मेडल और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अर्थशास्त्र विभाग की टॉपर छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल भी प्रदान किया गया।
पहली बार 4 शोधार्थियों को मिली PhD
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार चार शोधार्थियों को PhD की उपाधि दी गई। राज्यपाल ने सभी डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करना मंजिल नहीं, बल्कि आगे की नई शुरुआत है। छात्राओं को अपनी शिक्षा और ज्ञान का इस्तेमाल समाज और देश के विकास में करना चाहिए।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
सिद्धगोड़ा स्थित जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय झारखंड का पहला समर्पित महिला विश्वविद्यालय है। विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित पहला दीक्षांत समारोह छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।




