Patna: बिहार में बाढ़ की मार झेल रहे लाखों लोगों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। राज्य की प्रमुख नदियों के उफान में अब ठहराव दिखने लगा है और कई इलाकों में पानी धीरे-धीरे उतर रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, सोन नदी के इंद्रपुरी बराज और कोसी के वीरपुर बराज से पानी का डिस्चार्ज कम हुआ है। हालांकि, गंगा और गंडक का रुख अभी भी स्थिर है और 13 जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं, जहां राहत-बचाव का काम लगातार जारी है।
Read more: गंगा का जलस्तर बढ़ने से बिहार में बाढ़ का खतरा, CM ने अधिकारियों को किया अलर्ट
बराजों पर जलस्राव की ताजा स्थिति
आपदा प्रबंधन विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार:
गंडक नदी (वाल्मीकिनगर बराज): सोमवार सुबह 10 बजे 1,21,500 क्यूसेक जलस्राव दर्ज किया गया, जिसकी प्रवृत्ति स्थिर बनी हुई है।
कोसी नदी (वीरपुर बराज): 1,98,150 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज हुआ और पानी घटने की प्रवृत्ति में है।
सोन नदी (इंद्रपुरी बराज): जलस्राव घटकर 1,33,134 क्यूसेक पर आ गया है, जिससे सोन के तटीय इलाकों में दबाव कम हुआ है।
13 जिलों के 74 प्रखंडों में 27 लाख लोग प्रभावित
नदियों के उफान के चलते राज्य के 13 प्रमुख जिलों—पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया और अरवल—के 74 प्रखंडों की 423 पंचायतों में करीब 27.01 लाख आबादी बाढ़ की चपेट में है। वर्तमान में दीघा, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर और कहलगांव में गंगा; हाजीपुर और डुमरिया घाट में गंडक; बलतारा व कुरसैला में कोसी; खगड़िया में बूढ़ी गंडक; श्रीपालपुर में पुनपुन; बेनीबाद में बागमती और दरौली में घाघरा नदी खतरे के लाल निशान से ऊपर बह रही हैं।
Read more: गंगा में आ रहा भारी उफान, अगले 24 घंटे इन 8 जिलों के लिए बेहद भारी!
226 कम्युनिटी किचन और 1602 सरकारी नावें तैनात
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सरकार की ओर से युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं:
भोजन और पोषण: प्रभावित क्षेत्रों में 226 कम्युनिटी किचन संचालित हैं, जहां अब तक 3.75 लाख से अधिक लोगों को सुबह-शाम का भोजन कराया जा चुका है।
राहत सामग्री: अब तक 81,100 से अधिक पॉलीथीन शीट और 19,000 ड्राई राशन पैकेट बांटे जा चुके हैं।
शरणार्थी शिविर: 4 मुख्य राहत शिविरों में 2,505 से अधिक लोगों के रहने, भोजन और मेडिकल जांच की व्यवस्था की गई है।
आवागमन और बचाव: जलमग्न इलाकों से सुरक्षित निकासी के लिए 1,602 सरकारी नावें चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही एनडीआरएफ (NDRF) की 10 और एसडीआरएफ (SDRF) की 27 टीमें मुस्तैद हैं।
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके मद्देनजर आपदा प्रबंधन विभाग पूरी स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर बनाए हुए है।



