Saraikela: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, चाकू, दाउली, लोहे की हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, हेलमेट और टी-शर्ट बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने चौका थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मटकमडीह के टोला चुटियाखाल स्थित बंद नव प्राथमिक विद्यालय बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने विद्यालय परिसर की घेराबंदी कर मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुचाई थाना क्षेत्र के बारुहातु निवासी मोनसा सिंह मुंडा, मेरोमजनगा निवासी चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा, बारसीडा निवासी सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा और सोमा मुंडा उर्फ करपा तथा चौका के मुटुदा निवासी रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हाल में हुई तीन आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को बनसा स्थित शराब दुकान में लूट का प्रयास किया गया था। उसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल और नकदी लूटने की घटना हुई थी। इसके अलावा 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल से दो मोबाइल फोन छीने गए थे। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




