Patna: ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को लेकर बिहार की स्कूली छात्राओं और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कंकड़बाग निवासी छात्रा सभ्या कुमारी का कहना है कि तिरंगा हमारी शान है और इस अभियान से जुड़कर उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है। सभ्या की तरह राज्यभर के हजारों स्कूली बच्चे जागरूकता रैलियों और तिरंगा यात्राओं के जरिए देशभक्ति का संदेश दे रहे हैं।
स्कूलों में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा महोत्सव
बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राज्य के सभी प्राथमिक, मध्य और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान शिक्षण संस्थानों में भव्य तिरंगा यात्राएं, जागरूकता रैलियां, निबंध, चित्रकला, रंगोली और क्विज जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ध्वजारोहण से जुड़े नियमों की जानकारी देकर घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष पहल
इस व्यापक अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में छात्रों और आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। राज्यभर में ‘भारत माता की जय’ के नारों और हाथों में तिरंगा लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक जन-उत्सव का रूप दे दिया है।
अभियान पर क्या बोलीं बिहार की बेटियां
कंकड़बाग की छात्रा अनुष्का सिन्हा ने कहा कि हर घर तिरंगा योजना एक बेहद सराहनीय पहल है और ऐसे कार्यक्रम लगातार होने चाहिए क्योंकि तिरंगा देश की आन-बान-शान है। वहीं छात्रा कोमल कुमारी ने गांधी मैदान के माहौल पर उत्साह जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति, देशभक्ति गीत, परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अत्यंत प्रेरणादायक हैं।




