फॉण्ट कनवर्टर NEW

सुल्तानगंज से दुम्मा तक कांवड़ियों के लिए PHED की खास तैयारी- मंत्री संजय कुमार सिंह

श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से दुम्मा तक कांवड़िया पथ पर पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की सुविधाएं 24×7 उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED), बिहार सरकार ने पवित्र श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कांवड़िया पथ पर व्यापक तैयारियां की हैं। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि मुंगेर, भागलपुर और बांका जिले में सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट से झारखंड सीमा के दुम्मा तक पूरे कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है।

टेंट सिटी में शौचालय, यूरिनल और स्नानागार की व्यवस्था

मंत्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम और आरामदायक यात्रा के लिए भागलपुर, मुंगेर और बांका जिले में स्थित कांवड़िया पथ पर करीब 1000 बेड क्षमता वाले टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है। इन टेंट सिटी में शौचालय, यूरिनल, स्नानागार, गर्म जल और श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुविधाओं की नियमित साफ-सफाई और रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीमें लगातार काम कर रही हैं।

वाटर एटीएम और RO/UV वाटर चिलर से पेयजल की व्यवस्था

मंत्री ने बताया कि कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल टैंकर, वाटर एटीएम, RO/UV आधारित वाटर चिलर और चापाकल आदि के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई है। विभिन्न स्थानों पर फिल्टरयुक्त और निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्मी और उमस को देखते हुए कांवड़िया पथ पर शीतल जल की फुहार, मिस्ट स्प्रिंकलर और ओवरहेड स्प्रिंकलर (जल झरना) जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। इसका उद्देश्य लंबी यात्रा के दौरान कांवड़ियों को राहत पहुंचाना है।

24×7 सक्रिय रहेंगी समर्पित टीमें

श्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने 24×7 समर्पित टीमों को तैनात किया है। ये टीमें पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी, रख-रखाव और साफ-सफाई के साथ उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभागीय मुख्यालय स्तर से सहायक अभियंताओं की विशेष प्रतिनियुक्ति भी सुल्तानगंज से झारखंड सीमा तक की गई है। प्रतिनियुक्त अधिकारी कांवड़िया पथ पर पेयजल, शौचालय और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

नियंत्रण कक्ष से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी

मंत्री ने कहा कि कांवड़िया पथ पर उपलब्ध सुविधाओं की सतत निगरानी और श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी संचालित किया जा रहा है। विभागीय टीमें जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के साथ प्राप्त शिकायतों और आवश्यकताओं पर भी त्वरित कार्रवाई कर रही हैं।

स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा सर्वोच्च प्राथमिकता

श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले, यह विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से दुम्मा तक पूरे कांवड़िया पथ पर पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमें पूरी तत्परता के साथ 24×7 काम कर रही हैं। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का संकल्प है कि श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान करते हुए पूरे कांवड़िया पथ पर स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram