Patna: वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बिहार सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा राज्यभर में ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य के सभी जिला स्तरीय सहकारी बैंकों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और अन्य सहकारी संस्थानों द्वारा बाइक रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सहकारी समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
पंचायत स्तर पर तिरंगा यात्रा और बाइक रैली का आयोजन

सभी जिला मुख्यालयों के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरी बाइक रैलियां और तिरंगा यात्राएं आम लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में विभाग का महत्वपूर्ण योगदान है और पंचायत स्तर तक इसकी मजबूत उपस्थिति है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक आम लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार करना है।
17 अगस्त तक आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम

विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार यह अभियान 17 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। आगामी एक सप्ताह के दौरान जिला और पंचायत स्तर पर कई तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इनमें मुख्य रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे आयोजन शामिल हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में देशभक्ति का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य
सहकारिता विभाग के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य के दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूक किया जा रहा है और सहकारिता से जुड़े विशाल तंत्र को इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल किया गया है।





