Patna ; ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले रेलकर्मी संतोष कुमार राय के परिवार को रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये का बीमा लाभ मिला है। सोमवार को वाराणसी मंडल रेल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस मौके पर रेलवे और भारतीय स्टेट बैंक के कई अधिकारी मौजूद रहे।
संतोष कुमार राय रेलवे में कीमैन (ट्रैक मेंटेनर) के पद पर कार्यरत थे। सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान वह छपरा-थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 19 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल, सीवान में उनका निधन हो गया था।
रेलवे के अनुसार, संतोष कुमार राय का वेतन खाता एसबीआई की श्रीनगर, सीवान शाखा में था। रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई की गोल्ड इंश्योरेंस योजना से उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का बीमा भुगतान किया गया।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि कर्मचारी की मृत्यु के बाद परिवार को मिलने वाले ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण और पारिवारिक पेंशन सहित अन्य लाभों की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेलकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। असामयिक मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को मिलने वाले लाभ जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में रेलवे और एसबीआई के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




