
Patna: बिहार में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पटना के जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ गांधी मैदान में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर और तिरंगा फहराकर किया। यह अभियान राज्यभर में 17 अगस्त तक संचालित किया जाएगा।
Read More: हर घर तिरंगा अभियान: तिरंगे के रंग में रंगेगा पटना, CM सम्राट के नेतृत्व में यात्रा
जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक निकली यात्रा
मुख्यमंत्री की अगुवाई में निकली इस तिरंगा यात्रा में ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष और देशभक्ति धुनों के बीच बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम लोग शामिल हुए। यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने जेपी गोलंबर पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने उनका स्वागत किया।
कला एवं संस्कृति विभाग ने बांटे 21 लाख तिरंगे

Read More: हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, नगर निकायों को निर्देश
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा 21 लाख तिरंगे झंडों का वितरण किया गया है। पंचायती राज विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग भी इस अभियान में अपना योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के 14 करोड़ लोगों की भागीदारी का अभियान है और पंचायत, नगर निकाय तथा जिला स्तर पर भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
17 अगस्त तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार में इस यात्रा की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी अखंडता, संप्रभुता, एकता, लोकतंत्र और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखते हुए तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएं।
कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

Read More: Bihar Har Ghar Tiranga Abhiyan 2026: 9 अगस्त से बंटेंगे 21 लाख तिरंगे
कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, भवन निर्माण मंत्री लेषी सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।





