फॉण्ट कनवर्टर NEW

हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, नगर निकायों को निर्देश

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बिहार के नगर निकायों में तिरंगा रैली, सामूहिक वंदे मातरम् और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, नागरिकों को डिजिटल भागीदारी के लिए भी जोड़ा जाएगा।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्रीय अभियान के तहत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना और अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

Read more: 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, बांटे जाएंगे 21 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज

राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगा अभियान

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रभावी राष्ट्रीय अभियान बन गया है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर यह अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ देश की एकता, अखंडता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करेगा। मंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

तिरंगा रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश

मंत्री श्री मिश्रा ने कहा कि अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर बाइक, साइकिल एवं कार तिरंगा रैली, ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही डिजिटल माध्यमों के जरिए भी आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें।

डिजिटल माध्यम से भी ले सकेंगे अभियान में हिस्सा

मंत्री ने बताया कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान में डिजिटल रूप से सहभागिता कर सकते हैं। इसके बाद वे सहभागिता प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिया कि नागरिकों को इस प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उन्हें डिजिटल माध्यम से अभियान में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाए।

नगर निकायों को पर्याप्त राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने के निर्देश

नीतीश मिश्रा ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए आवश्यक संख्या में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आम नागरिकों को निःशुल्क राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया जाए। राष्ट्रीय ध्वज जीविका से क्रय किए जा सकते हैं। उन्होंने नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजार समितियों और नागरिक समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

‘तिरंगे के रंग में रंगेगा बिहार’

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बिहार के क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी नगर निकायों से अभियान को उत्साहपूर्वक और प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए इसे व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने का आह्वान किया।

“तिरंगे के रंग में रंगेगा बिहार” — मंत्री नीतीश मिश्रा

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram