Patna : आगामी स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे बिहार को तिरंगामय बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाना और इसे एक जनआंदोलन का रूप देना है।
534 प्रखंडों को विशेष बजट जारी
अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए बिहार के सभी 534 प्रखंडों को एक-एक लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसके जरिए राज्यभर में लगभग 21.36 लाख तिरंगों की खरीदारी की जाएगी। इन ध्वजों का वितरण ग्राम पंचायतों, जीविका समूहों और प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के माध्यम से घर-घर तक सुनिश्चित किया जाएगा।
12 अगस्त को पूरे राज्य में तिरंगा यात्रा
सरकार ने 12 अगस्त 2026 को जिला स्तर पर भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकालने का निर्देश जारी किया है। इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारिक व सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर सामूहिक गायन, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कई अन्य आयोजन भी किए जाएंगे।
प्रशासन को सख्त निर्देश
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलाधिकारियों (DM) के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए हैं कि ध्वज संहिता (Flag Code) का पालन करते हुए हर घर, स्कूल और दफ्तर पर तिरंगा फहराया जाए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिलों में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया है।
Read More : झारखंड में बड़ा एनकाउंटर, कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ढेर




