रांची: रांची नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘सखुआ महोत्सव-2026’ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम के सुचारू और सफल आयोजन को लेकर महापौर, उप महापौर एवं नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से शुभारंभ स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सखुआ महोत्सव केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने का एक बड़ा जन-अभियान है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पर्यावरण का संदेश घर-घर तक पहुंचे।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल पर पौधों की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और साफ-सफाई की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए।
रांची नगर निगम ने शहर को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की इस मुहिम में आम शहरवासियों से भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित अभियंत्रण एवं स्वच्छता शाखा की पूरी टीम उपस्थित थी।





