Bokaro News: बोकारो स्टील सिटी के एलोरा हॉस्टल परिसर स्थित आवास संख्या टी-2/5 में मंगलवार को आग लग गई। इस घटना में घर में रखा फ्रिज और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह आवास रिटायर्ड पुलिस हवलदार और 1984 के दंगा पीड़ित दर्शन कौर का है। दर्शन कौर ने बताया कि दोपहर में उन्हें घर से जलने की गंध महसूस हुई। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचित किया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिसके बाद झारखंड सरकार और सेल के अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही झारखंड सरकार और सेल के अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सीआईएसएफ के जवानों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।अग्निशमन अधिकारी शिव नारायण लोहरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। शॉर्ट सर्किट के कारण सबसे पहले फ्रिज में आग लगी, और फिर आग ने आसपास रखे अन्य घरेलू सामानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने यह भी बताया कि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोका जा सका।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, घर में रखा फ्रिज, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जल जाने से हजारों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। अग्निशमन विभाग ने लोगों से विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराने और शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।





