फॉण्ट कनवर्टर NEW

स्कूल के बाहर छात्रों के दो गुट भिड़े, चापड़-चाकू मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने दबोचा

Jamshedpur News: बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के बाहर मंगलवार दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। स्कूल की छुट्टी के बाद शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे मौके

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News:  बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के बाहर मंगलवार दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। स्कूल की छुट्टी के बाद शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से स्थिति पर समय रहते काबू पाया गया और दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक चापड़ और एक चाकू बरामद होने की बात सामने आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की शुरुआत सोमवार को हुई थी, जब स्कूल की सातवीं और आठवीं कक्षा के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और हाथापाई हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद के बाद सातवीं कक्षा के एक छात्र ने अगले दिन कुछ बाहरी युवकों को बुला लिया। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद फिर भड़क उठा। इस दौरान एक छात्र अपनी जान बचाने के लिए भागकर स्कूल परिसर के अंदर चला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों के साथ विवाद में शामिल छात्रों को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस ने बरामद चापड़ और चाकू को भी अपने कब्जे में ले लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार लेकर पहुंचे युवक किस उद्देश्य से वहां आए थे और घटना में उनकी क्या भूमिका रही।

वहीं, स्कूल प्रबंधन ने इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram