फॉण्ट कनवर्टर NEW

शून्य बैलेंस से DBT तक, IPPB की इन सेवाओं ने जीता लोगों का भरोसा; उत्कृष्ट कर्मी हुए सम्मानित

Lohardaga news: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की ओर से लोहरदगा मुख्य शाखा में संतोष कुमार, मुज्तबा अशरफ समेत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य कर्मियों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को शाखा प्रबंधक रवि

अपनी भाषा में पढ़ें

Lohardaga news: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की ओर से लोहरदगा मुख्य शाखा में संतोष कुमार, मुज्तबा अशरफ समेत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य कर्मियों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को शाखा प्रबंधक रवि कुमार के द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं अन्य उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर मैनेजर रवि कुमार ने कहा कि कर्मियों की मेहनत और समर्पण के कारण बैंक की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक भारत सरकार के संचार मंत्रालय के डाक विभाग के अधीन संचालित 100 प्रतिशत सरकारी बैंक है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरल, सुरक्षित और आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना है। बैंक का विशाल डाकिया एवं ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) नेटवर्क लोगों के घर-घर जाकर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

कार्यक्रम में रवि कुमार ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक आज तमाम सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मनरेगा, छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभुकों के खातों में सीधे पहुंचाई जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों को समय पर लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आईपीपीबी की सबसे बड़ी विशेषता डोरस्टेप बैंकिंग सेवा है, जिसके तहत डाकिया बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से घर-घर जाकर खाता खोलने, नकद जमा एवं निकासी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। बैंक में शून्य बैलेंस पर बचत खाता खोला जा सकता है और आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (एईपीएस) के माध्यम से आधार से जुड़े किसी भी बैंक खाते से घर बैठे नकदी निकासी की सुविधा भी मिलती है।

उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (जीवन प्रमाण) की सुविधा भी बेहद उपयोगी साबित हो रही है। अब बुजुर्गों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि डाकिया उनके घर पहुंचकर बायोमेट्रिक के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जारी करता है। इसके अलावा आईपीपीबी खाते को पोस्ट ऑफिस बचत खाते से जोड़कर पीपीएफ, आवर्ती जमा (आरडी) एवं सुकन्या समृद्धि योजना जैसी बचत योजनाओं में भी आसानी से लेनदेन किया जा सकता है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आईपीपीबी के माध्यम से यूपीआई, आईएमपीएस, एनईएफटी, क्यूआर कोड आधारित भुगतान, मोबाइल एवं डीटीएच रिचार्ज, बिजली, पानी और गैस बिल का भुगतान, साथ ही विभिन्न बीमा सेवाओं का लाभ भी ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने सभी कर्मियों से इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा बैंक की सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram