फॉण्ट कनवर्टर NEW

बाघ दिवस के अवसर पर चार नवजात बाघ शावकों का नामकरण, मंत्री बोले- संरक्षण से बचेगा प्रकृति संतुलन

बाघ दिवस पर पटना जू में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए बाघों का संरक्षण आवश्यक है। इस दौरान चार बाघ शावकों का नामकरण भी किया गया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बाघ दिवस के अवसर पर पटना जू के थ्री-डी थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में बाघों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बाघों का संरक्षण केवल एक वन्यजीव की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को इनके महत्व से परिचित कराने के लिए भी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पटना जू में जन्मे चार बाघ शावकों का नामकरण रूद्र, तेजस, पूर्णिमा और सृष्टि किया।

पटना जू का योगदान उल्लेखनीय

राज्य जैव विविधता पर्षद के अध्यक्ष भरत ज्योति ने कहा कि बाघ संरक्षण के क्षेत्र में पटना जू का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 53 वर्षों में यहां 53 बाघों का पालन-पोषण किया गया, जिनमें 36 बाघों का जन्म पटना जू में ही हुआ। उन्होंने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सफेद बाघ संरक्षण में बिहार दूसरे स्थान पर

पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल ने स्वागत भाषण में कहा कि बाघ पारिस्थितिकी तंत्र की खाद्य श्रृंखला को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में भारत में बाघों की संख्या 1,411 थी, जो 2010 में बढ़कर 1,706 हो गई। वर्ष 2022 की गणना के अनुसार यह संख्या बढ़कर 3,682 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि सफेद बाघों के संरक्षण के मामले में बिहार देश में दूसरे स्थान पर है।

कर्मियों और बच्चों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मंत्री ने चिड़ियाघर और वन्यजीवों की बेहतर देखभाल करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। चित्रांकन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने जू प्रशासन से ऐसे कर्मचारियों और बच्चों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने की अपील की।

चित्रांकन प्रतियोगिता में संत कैरेंस स्कूल की अपराजिता कुमारी ने कैटेगरी-ए, संत माइकल्स स्कूल की आरोही सिंह ने कैटेगरी-बी, कृतिका अमृत ने कैटेगरी-सी तथा ऋषिता सिंह ने कैटेगरी-डी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभाग के विशेष सचिव आलोक कुमार, मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन एवं मानव संसाधन विकास) अमित कुमार, वन संरक्षक (मुख्यालय) सत्यजित कुमार, मंत्री के आप्त सचिव रविश कुमार सहित विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram