फॉण्ट कनवर्टर NEW

दरभंगा छात्र आंदोलन में पथराव, सिटी एसपी घायल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

दरभंगा में छात्र आंदोलन के समर्थन में निकले प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें सिटी एसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और सात राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े।

अपनी भाषा में पढ़ें

Darbhanga: पटना के बाद गुरुवार को बिहार के दरभंगा में भी जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक पर स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

पथराव में सिटी एसपी समेत कई घायल

पुलिस के अनुसार, पथराव में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) अशोक कुमार चौधरी घायल हो गए। उनके पैर में चोट लगने से खून बहने लगा। एक सिपाही के चेहरे पर भी गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया।

घटना में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं पथराव की चपेट में आने से कई राहगीरों को भी चोटें आईं। जानकारी के मुताबिक करीब एक दर्जन आम लोग भी इस घटना में घायल हुए हैं।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

हालात बिगड़ने पर पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के नहीं मानने पर लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद दंगा नियंत्रण के तहत भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सात राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

दो हजार से अधिक छात्र पहुंचे थे प्रदर्शन में

जानकारी के अनुसार, करीब दो हजार से अधिक छात्र बिना किसी पूर्व सूचना के दरभंगा के कर्पूरी चौक पर एकत्र हुए थे। वहां से वे जुलूस की शक्ल में समाहरणालय रोड पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कौशल कुमार, डीआईजी मनोज कुमार तिवारी और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया।

घटना के करीब दो घंटे बाद भी लहेरियासराय थाना क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस पूरे इलाके में लगातार गश्त कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram