Kyiv, Ukraine: यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से अनाज लेकर रवाना हो रहे एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। भारत सरकार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह घटना 19 जुलाई की शाम उस समय हुई, जब गिनी-बिसाऊ के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहा था। जहाज पर चालक दल के कुल 17 सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे।
Read more: इराक के बंदरगाह के पास कंटेनर जहाज पर मिसाइल अटैक, IRGC ने ली जिम्मेदारी!
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार हमले में चार भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायल नागरिक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हमले की निंदा
भारत सरकार ने वाणिज्यिक जहाजों पर हमले को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। हालांकि, हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष का उल्लेख विदेश मंत्रालय के बयान में नहीं किया गया है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





