फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमशेदपुर-कपाली में चुनाव अधिकारी का निरीक्षण, इन्यूमरेशन फॉर्म पर दिया बड़ा निर्देश

Jamshedpur news: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष सहायता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने जमशेदपुर पश्चिमी

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष सहायता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के आजादनगर तथा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कपाली स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर शिविरों की व्यवस्था और मतदाता सत्यापन कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के आजादनगर स्थित मतदान केंद्र संख्या 271 से 283 तथा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कपाली स्थित मतदान केंद्र संख्या 329 से 334 तक पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे इन्यूमरेशन फॉर्म संग्रहण, सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष सहायता शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने, जमा करने तथा आवश्यक मैपिंग संबंधी कार्यों में सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म पहले ही मुद्रित कर बीएलओ के माध्यम से घर-घर पहुंचाए जा चुके हैं।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जिन लोगों ने अब तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर और हस्ताक्षर कर बीएलओ को जमा नहीं कराया है, वे 20 जुलाई को आयोजित विशेष शिविर में अवश्य जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त होंगे, उन्हीं का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के प्रारूप में शामिल किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र मतदाता समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करें, ताकि बीएलओ द्वारा डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के अधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा बड़ी संख्या में मतदाता भी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram