अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Hazaribagh: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), हजारीबाग द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को पदमा प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रोमी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष ध्रुव चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डीएलएसए सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी की निगरानी में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान अधिकार मित्रों ने विद्यार्थियों को घरेलू हिंसा, डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध से बचाव और अन्य महत्वपूर्ण कानूनी विषयों की सरल एवं सहज भाषा में जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि छोटे-छोटे विवादों का समाधान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आपसी सहमति से निःशुल्क कराया जा सकता है। साथ ही जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता और अधिवक्ता भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को नालसा और झालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया गया, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति घर बैठे कानूनी सलाह और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को कानून की जानकारी रखने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों तथा अधिकार मित्र प्रियंका कुमारी, आर्यन राज और अरुण कुमार की सक्रिय उपस्थिति रही।

