अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
नई दिल्ली/रांची: झारखंड की समृद्ध हस्तकरघा और पारंपरिक वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में राज्य ने एक बड़ी छलांग लगाई है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वस्त्र प्रदर्शनी ‘भारत टेक्स 2026’ में झारखंड पैवेलियन का भव्य उद्घाटन किया गया। राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इस पैवेलियन का उद्घाटन करते हुए झारखंड के हुनर को दुनिया के सामने पेश किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल राज्य की सीमाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि देश और दुनिया के कोने-कोने तक पहुँचनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य की समृद्ध हस्तकरघा और वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित कर बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। जब राज्य के भीतर ही युवाओं और कारीगरों को बेहतर आजीविका मिलेगी, तो उन्हें रोजगार की तलाश में पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रोजगार बढ़ने से झारखंड के विकास को एक नई और तेज गति मिलेगी।
छह जीआई टैग उत्पादों का जलवा
इस वैश्विक महाकुंभ में झारखंड पैवेलियन का मुख्य आकर्षण राज्य के छह जीआई (भौगोलिक संकेतक) टैग प्राप्त हस्तकरघा उत्पाद रहे। प्रदर्शनी में तसर सिल्क, कुचाई सिल्क, भगैया साड़ी एवं फैब्रिक, टुमका चादर, भोया साड़ी एवं फैब्रिक तथा पंछी साड़ी एवं फैब्रिक का शानदार प्रदर्शन किया गया। इन पारंपरिक उत्पादों ने देश-विदेश से आए खरीदारों, निवेशकों और फैशन विशेषज्ञों को गहराई से आकर्षित किया। यह प्रदर्शनी झारखंड की पारंपरिक शिल्पकला, बुनकरों की अद्भुत प्रतिभा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक बड़ा सम्मान देने का जरिया बनी है।
वैश्विक बाजार से जुड़ेंगे बुनकर
उद्योग मंत्री ने कहा कि ‘भारत टेक्स 2026’ झारखंड के पारंपरिक वस्त्र उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने का एक बेहद महत्वपूर्ण जरिया है। इससे हमारे स्थानीय बुनकरों और ग्रामीण कारीगरों को सीधे नए व्यावसायिक अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। यह आयोजन राज्य के वस्त्र उद्योग को वैश्विक मूल्य श्रृंखला (ग्लोबल वैल्यू चेन) से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।
भारत टेक्स 2026 आज वस्त्र एवं परिधान उद्योग की पूरी मूल्य श्रृंखला के लिए व्यापार, निवेश, नवाचार और रणनीतिक साझेदारी का एक प्रमुख वैश्विक मंच बन चुका है। भारत की वस्त्र और फैशन क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता में झारखंड के हस्तकरघा उत्पाद भी अब अपना अहम योगदान दे रहे हैं।
इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर, अपर सचिव प्रीति समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस बड़े वैश्विक आयोजन में देश-विदेश के निर्माता, निर्यातक, वैश्विक खरीदार, निवेशक, स्टार्टअप्स और हस्तशिल्प क्षेत्र से जुड़े हजारों कारीगर हिस्सा ले रहे हैं।

