अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi :बुढ़मू थाना पुलिस ने सोलर पैनल चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के राय रोड में हुई सोलर पैनल चोरी की शिकायत के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार, राय रोड स्थित सोलर पैनलों की चोरी की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मामले में संलिप्त दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बादल लोहरा, पिता महिंद्र लोहरा, निवासी बुढ़मू तथा फैयाज अंसारी, पिता रियासत अंसारी, निवासी बारी पतरा, बुढ़मू के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके पास से चोरी किए गए सोलर पैनलों से संबंधित सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की इस घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
बुढ़मू थाना पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में सरकारी संपत्तियों, विशेषकर सोलर पैनलों की सुरक्षा को लेकर रात्रि गश्त तेज कर दी गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

