Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया है कि उनकी सेवा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
श्रावणी मेले की तैयारियों की हुई समीक्षा
बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का झारखंड सरकार की ओर से मैं हृदय से स्वागत करता हूँ।
श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर आज पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई। मेरा स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य सेवाओं में कोई… pic.twitter.com/T2RZSCmLPi
— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) July 13, 2026
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान डॉक्टर, नर्स, एम्बुलेंस, बाइक एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और 24×7 चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल सके।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर सरकार का जोर
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान न तो किसी प्रकार की अव्यवस्था होने दी जाएगी और न ही श्रद्धालुओं के साथ किसी तरह की लूट या अवैध वसूली बर्दाश्त की जाएगी।
उन्होंने कहा, “यह झारखंड आस्था, सेवा और सम्मान की धरती है। यहां आने वाले हर श्रद्धालु का सम्मान और सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।”
स्वास्थ्य मंत्री ने श्रद्धालुओं से बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में बैद्यनाथ धाम आने की अपील करते हुए उनकी यात्रा सुरक्षित, स्वस्थ और मंगलमय होने की कामना की।





