अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने रविवार को नामांकन दाखिल करने से पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और गठबंधन के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नीरज कुमार सिन्हा को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि एनडीए पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगा और बांकीपुर सीट पर जीत दर्ज करेगा।
Read more: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने किया नामांकन
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नीरज सिन्हा को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नीरज सिन्हा जनता का विश्वास जीतकर बांकीपुर के विकास को नई दिशा देंगे।
नीरज कुमार सिन्हा ने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिला तो क्षेत्र के विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता के साथ काम करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए पूरी मजबूती और समन्वय के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार में एनडीए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के आधार पर मतदाता एक बार फिर गठबंधन के पक्ष में फैसला देंगे।
एनडीए नेताओं का कहना है कि गठबंधन के सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं और कार्यकर्ताओं का उत्साह जीत का संकेत दे रहा है।
गौरतलब है कि भाजपा ने पहले बांकीपुर उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार को उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी बनाया। उनके 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करने की संभावना है।

