अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिवार स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व तथा बढ़ती जनसंख्या के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों, सहिया दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा रहे। इस अवसर पर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपशिखा किंडो, डॉ. प्रभात सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मेले में आए लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, परिवार नियोजन के साधनों तथा निःशुल्क उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एएनएम विक्टोरिया खलखो ने जनसंख्या नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छोटा और स्वस्थ परिवार ही खुशहाल एवं समृद्ध समाज की पहचान है। उन्होंने परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी उपायों, सुरक्षित मातृत्व, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर रखने तथा महिलाओं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की जानकारी या परामर्श के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा आशा-सहिया से संपर्क करने की अपील की।
प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी एवं जनजागरूकता बेहद जरूरी है। वहीं डॉ. दीपशिखा किंडो ने कहा कि परिवार स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और सरकारी सुविधाओं को पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक परिवार स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने परिवार नियोजन अपनाने, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न पंचायतों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सके।

